फर्रुखाबाद:शिक्षक सम्मान समारोह में बोलीं डीएम: शिक्षकों की मेहनत और लगन का प्रतिफल है शिक्षक सम्मान

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद के परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता तथा सांसद मुकेश राजपूत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रशासक जिला पंचायत मोनिका यादव, विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य एवं विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को गंभीरतापूर्वक सुना।

शिक्षक की भूमिका राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण: जिलाधिकारी

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि शिक्षक दिवस देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए शिक्षा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि देश की भावी पीढ़ी के व्यक्तित्व को तराशने का महत्वपूर्ण अवसर है।

उन्होंने कहा कि एक अधिकारी के हस्ताक्षर से आदेश लागू हो सकता है और जनप्रतिनिधि के हस्ताक्षर से योजना लागू हो सकती है, लेकिन शिक्षक द्वारा विद्यार्थी के परीक्षाफल में दिए गए अंक उसके भविष्य में महत्वपूर्ण परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत 19 पैरामीटर पर लगातार कार्य किया जा रहा है, लेकिन विद्यालय की वास्तविक पहचान शिक्षक के प्रभावी व्यक्तित्व से होती है।

डीएम ने कहा कि शिक्षकों द्वारा पूरे वर्ष की गई मेहनत एवं लगन का प्रतिफल ही शिक्षक सम्मान है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ मोबाइल और इंटरनेट का सदुपयोग करने के लिए भी प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि आधुनिक तकनीक का प्रयोग मानवीय विकास और राष्ट्र की उन्नति में किया जा सके।

गुरु का जीवन में होना ईश्वरीय कृपा के समान: सांसद

मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन में गुरु का होना ईश्वरीय कृपा के समान है। बच्चों का उज्ज्वल भविष्य शिक्षकों की कार्यशैली पर निर्भर करता है। उन्होंने परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए शिक्षकों से अपने बच्चों को भी परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाने की अपील की।

सांसद ने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सभी नागरिक अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी लगन और उत्साह के साथ करें।

शिक्षिका गीता वर्मा को प्रदेश स्तर पर मिला सम्मान

विधायक अमृतपुर सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का महत्व आदिकाल से रहा है। समाज के निर्माण और विद्यार्थियों को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित शिक्षकों में फर्रुखाबाद की शिक्षिका गीता वर्मा का नाम शामिल होना पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में शिक्षकों के प्रयासों से बच्चों में वाक्पटुता एवं विभिन्न कौशलों का विकास हो रहा है।

विधायक भोजपुर नागेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री की अपेक्षा है कि शिक्षक बच्चों को ज्ञान के साथ-साथ संस्कार भी प्रदान करें, जिससे वे शिक्षित होने के साथ-साथ एक सफल और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।

शिक्षा समाज की चुनौतियों से मुकाबला करने की ऊर्जा: मोनिका यादव

प्रशासक जिला पंचायत मोनिका यादव ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के विकास और उन्नति में शिक्षक का विशेष योगदान होता है। शिक्षक अपने आचरण एवं विचारों से विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं, जिसका प्रभाव उनके भविष्य पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी ऊर्जा है, जिसके माध्यम से व्यक्ति समाज की विभिन्न चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनता है। उन्होंने जनपद के शिक्षकों से इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित

समारोह में जनपद के परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि जनपद फर्रुखाबाद में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत 1,576 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 13 विद्यालय पीएम श्री योजना से आच्छादित हैं। इन विद्यालयों में कुल 1,47,515 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विभाग के विद्यालयों में कुल 6,269 शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक कार्यरत हैं। इसके अलावा जनपद में दो विद्यालय मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment