फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अप्रैल 2026 उत्तर प्रदेश शासन की प्राथमिकताओं में शामिल उद्योग विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला बैंक समन्वयक, अग्रणी जिला प्रबंधक (बैंक ऑफ इंडिया), प्रधानाचार्य राजकीय पॉलीटेक्निक, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई फर्रुखाबाद, उपायुक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला प्रबंधक कौशल विकास मिशन, परियोजना अधिकारी डीआरडीए, जिला उद्यान अधिकारी तथा जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के लंबित ऋण आवेदनों पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों पर शीघ्र एवं आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र आवेदकों को समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृति एवं वितरण किया जाए, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के अधिक अवसर मिल सकें।
बैठक में योजना की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक पहुंचाया जाए, जिससे जिले में उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
प्रशासन की इस पहल से जिले के युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
