फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने शनिवार को श्रृंगी ऋषि की तपोस्थली श्रंगीरामपुर पहुंचकर आगामी गंगा दशहरा मेले एवं स्नान व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित संख्या और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
डीएम ने निर्देश दिए कि जनपद सहित अन्य जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा संबंधी इंतजामों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने मेले में संचालित होने वाली नावों, नाविकों एवं गोताखोरों की सूची तैयार कर मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संपर्क किया जा सके। साथ ही मेला क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र स्थापित करने, पीए सिस्टम लगाने और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पानी के टैंकर लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था, घाट तक पहुंच मार्ग की मरम्मत, घाटों पर बैरिकेडिंग तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। डीएम ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि गंगा दशहरा मेला सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी अमृतपुर, जिला पंचायत राज अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
