फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अप्रैल 2026 जनपद में नवागत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर अपनी संवेदनशील कार्यशैली को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर, फतेहगढ़ में उन्होंने मानवता और प्रशासनिक जिम्मेदारी का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है।
कमालगंज क्षेत्र के ग्राम चंदरपुर निवासी वृद्ध महिला रामदुलारी अपनी समस्या लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। वह चलने में पूरी तरह असमर्थ थीं और एक जर्जर व टूटी हुई व्हीलचेयर के सहारे किसी तरह कार्यालय तक पहुंच सकीं।
जैसे ही जिलाधिकारी को कार्यालय के बाहर एक बुजुर्ग महिला के इंतजार की सूचना मिली, उन्होंने बिना किसी औपचारिकता की परवाह किए स्वयं बाहर आकर महिला से मुलाकात की। उन्होंने बड़े धैर्य और संवेदनशीलता के साथ महिला की समस्या सुनी और तुरंत संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के निर्देश दिए।
मौके पर दिलाई नई व्हीलचेयर:
महिला की खराब स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल नई व्हीलचेयर उपलब्ध कराई, जिससे महिला को बड़ी राहत मिली। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि वृद्ध महिला की वृद्धावस्था पेंशन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
जनसेवा को बताया सर्वोपरि:
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट कहा कि “जनता की सेवा ही सर्वोपरि है” और किसी भी पीड़ित को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार भटकना नहीं पड़ेगा।
कार्यशैली बनी चर्चा का विषय:
डीएम की इस मानवीय पहल ने न केवल प्रशासनिक तंत्र में संवेदनशीलता का संदेश दिया, बल्कि आम जनता के बीच भरोसा भी मजबूत किया है। कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए इसे एक सच्चे जनसेवक की पहचान बताया।
इस घटना के बाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की कार्यशैली जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को प्रशासन से त्वरित न्याय की उम्मीद और भी बढ़ गई है।
