फर्रुखाबाद:डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने किया नेकपुर खुर्द गौशाला का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 मई 2026 जनपद में संचालित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं। सोमवार को जिलाधिकारी ने अपरान्ह 01:31 बजे अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल नेकपुर खुर्द का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 101 गोवंश संरक्षित पाए गए। मौके पर लगभग 50 कुंतल भूसा, 18.5 कुंतल दाना तथा 12 कुंतल हरा चारा उपलब्ध मिला। जिलाधिकारी ने गौशाला के समस्त अभिलेखों का अवलोकन करते हुए गोपालकों के भुगतान एवं गौशाला फंड की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

सचिव द्वारा बताया गया कि गोपालकों का भुगतान मार्च 2026 तक किया जा चुका है तथा अप्रैल 2026 तक गौशाला फंड की रिक्वेस्ट शासन को भेज दी गई है। शासन से मार्च 2026 तक का भुगतान प्राप्त हो चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धनेप कुमार गुप्ता से गोवंशों की चिकित्सा, टैगिंग, टीकाकरण एवं बीमार पशुओं के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गौशाला का नियमित निरीक्षण कर पशुओं की समयबद्ध चिकित्सा एवं बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी बढ़पुर को मुख्य सड़क से गौशाला तक करीब 450 मीटर कच्चे रास्ते की मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को गौ आश्रय स्थलों से जोड़कर पशु आहार निर्माण कार्य में सहभागिता सुनिश्चित कराने तथा हरा चारा उत्पादक किसानों से सस्ती दरों पर चारा खरीद के लिए अनुबंध कराने के भी निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, गौशाला नोडल अधिकारी, ग्राम प्रधान, सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।