फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने आज कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बीबीपुर, विकासखंड कमालगंज का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में पंजीकृत 100 छात्राओं में केवल 21 छात्राएं ही उपस्थित थीं, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को निर्देशित किया कि छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की स्वच्छता और व्यवस्थाओं की भी जांच की। निरीक्षण में रसोईघर और भोजन सामग्री की जाँच की गई, जहां कई कमियां पाई गईं। विद्यालय में साफ-सफाई का अभाव था, पंखों पर धूल और जाले लगे हुए थे, तथा बेड पर बिछी चादरें गंदी पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बीएसए को यह भी कहा कि नियमित रूप से भोजन की गुणवत्ता की जांच की जाए और छात्राओं को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।
साथ ही, विद्यालय की बिजली व्यवस्था ठीक नहीं पाई गई, जिसे सुधारने के लिए भी निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, अनुशासन बनाए रखने, विद्यालय परिसर में फॉगिंग कराने और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश शिक्षक व कर्मचारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
