फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जनवरी 2026 को तहसील कायमगंज में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा फरियादियों को समय पर न्याय मिलना प्राथमिकता है। वहीं पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह ने पुलिस से संबंधित मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनविश्वास बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा आश्वस्त किया गया कि प्राप्त शिकायतों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण किया जाएगा।
