फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 मई 2026 जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में आमजन को हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गर्मी के मौसम में लापरवाही स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। ऐसे में नागरिकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि तेज धूप में निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। लोगों को नींबू पानी, लस्सी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
प्रशासन ने यह भी कहा है कि यात्रा के दौरान पानी अवश्य साथ रखें और हल्का एवं सुपाच्य भोजन करें। घरों में खिड़कियों और दरवाजों पर पर्दे लगाने तथा कमरों को ठंडा रखने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने को कहा गया है, क्योंकि इन पर गर्मी का प्रभाव अधिक पड़ता है।
डीडीएमए द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में लोगों से यह भी कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी, तेज बुखार या बेहोशी जैसी समस्या हो तो उसे तुरंत छायादार स्थान पर ले जाकर शरीर को ठंडा करने का प्रयास करें तथा आवश्यक होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
इसके साथ ही प्रशासन ने नागरिकों को शराब, चाय, कॉफी और अत्यधिक कैफीन वाले पेय पदार्थों से दूरी बनाने की सलाह दी है। तेज धूप में अधिक मेहनत वाले कार्य करने से बचने और बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में न छोड़ने की अपील भी की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि जनहित में यह एडवाइजरी जारी की गई है और सभी नागरिकों से अपील है कि गर्मी से बचाव के उपाय अपनाकर स्वयं तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
