फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 जुलाई 2026 जनपद में कार्यरत 43 कोविड-19 कर्मचारियों ने पिछले छह माह से मानदेय का भुगतान न होने पर गंभीर आर्थिक संकट का सामना करने की बात कहते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल भुगतान की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक उनके खाते में मानदेय नहीं पहुंचा है, जिससे उनके परिवार भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।
कर्मचारियों द्वारा जिलाधिकारी को संबोधित पत्र में बताया गया कि पिछले छह महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। आर्थिक तंगी के चलते बच्चों की स्कूल फीस जमा नहीं हो पा रही है, जिससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि जुलाई में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन वे फीस जमा कराने में असमर्थ हैं।
पीड़ित कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने 23 जून 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को पत्र देकर मानदेय भुगतान की मांग की थी। उस समय उन्हें तीन दिन के भीतर भुगतान कराने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद 8 जुलाई 2026 को कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को भी ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कर्मचारियों ने प्रशासन पर भेदभाव का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि कोविड-19 कर्मचारियों का समायोजन तीन चरणों में किया गया था। प्रथम एवं द्वितीय चरण के स्टाफ नर्सों को नियमित रूप से मानदेय दिया जा रहा है, जबकि तृतीय चरण में समायोजित 43 कर्मचारियों को छह माह से भुगतान नहीं किया गया है।
इन कर्मचारियों में फार्मासिस्ट, एसटीएस, वार्ड बॉय, वार्ड आया और सफाई कर्मचारी शामिल हैं। उनका कहना है कि लगातार आर्थिक संकट के चलते अब उनके लिए कार्यस्थल तक पहुंचना भी मुश्किल होता जा रहा है। कई कर्मचारी कर्ज लेकर परिवार का खर्च चला रहे हैं और अब स्थिति भुखमरी के कगार तक पहुंच गई है।
कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए शीघ्र मानदेय का भुगतान कराया जाए, ताकि वे और उनके परिवार आर्थिक संकट से उबर सकें।
