फर्रुखाबाद: अचानक तबीयत बिगड़ने से सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल का निधन, प्रशासन में शोक की लहर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 अप्रैल 2026 जनपद के सिटी मजिस्ट्रेट संजय बंसल का शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे आकस्मिक निधन हो गया। उनके देहांत की खबर मिलते ही पूरे प्रशासनिक तंत्र में शोक की लहर दौड़ गई और अधिकारी-कर्मचारियों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय बंसल लंबे समय से उच्च रक्तचाप की समस्या से जूझ रहे थे। गुरुवार को वे अवकाश लेकर फर्रुखाबाद से बाहर गए थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान शुक्रवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।

अपने कार्यकाल के दौरान संजय बंसल जनसमस्याओं के समाधान के प्रति बेहद संवेदनशील और सक्रिय अधिकारी के रूप में जाने जाते थे। आम जनता के बीच उनकी सरल, सुलभ और सकारात्मक छवि थी।

उनके असमय निधन से प्रशासनिक कार्यों पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उल्लेखनीय है कि आगामी 30 अप्रैल को उनके पुत्र का विवाह निर्धारित था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।