फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2026 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गौपालकों और दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने तथा स्वदेशी नस्ल की गायों के संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को दो उन्नत स्वदेशी नस्ल की गायों की इकाई स्थापित करने पर अधिकतम ₹80,000 तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
नन्द बाबा दुग्ध मिशन, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को स्थापना लागत का 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। योजना प्रदेश के सभी 75 जनपदों में लागू है और इसका लाभ दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों एवं गौपालकों को मिलेगा।
योजना के तहत प्रदेश के बाहर से गिर, साहीवाल, थारपारकर एवं हरियाणा नस्ल की उन्नत स्वदेशी गायों की खरीद पर अनुदान अनुमन्य होगा। निर्धारित मानकों के अनुसार खरीदी जाने वाली गाय प्रथम अथवा द्वितीय ब्यौत की होनी चाहिए।
महिलाओं को मिलेगी विशेष प्राथमिकता
सरकार ने इस योजना में महिला सशक्तिकरण को भी विशेष महत्व दिया है। निर्धारित लक्ष्य का 50 प्रतिशत हिस्सा महिला दुग्ध उत्पादकों एवं गौपालकों के लिए आरक्षित रखा गया है, जिससे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़े और वे आत्मनिर्भर बन सकें।
ऑनलाइन आवेदन शुरू
योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक नन्द बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पोर्टल पर योजना से संबंधित पात्रता, दिशा-निर्देश एवं आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध है।
अधिक जानकारी के लिए करें संपर्क
योजना के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक गौपालक मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय अथवा मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 9415914898 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
आय बढ़ाने का सुनहरा अवसर
नन्द बाबा दुग्ध मिशन ने प्रदेश के गौपालकों से अपील की है कि वे इस जनकल्याणकारी योजना का अधिकतम लाभ उठाएं। आधुनिक एवं वैज्ञानिक गौपालन अपनाकर दुग्ध उत्पादन बढ़ाएं और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएं। यह योजना न केवल स्वदेशी नस्ल की गायों के संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और दुग्ध व्यवसाय को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
