फर्रुखाबाद:एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को सिखाए गए आग बुझाने और बचाव के गुर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 जून 2026जनपद में 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के निर्देशन में आरआरसी फतेहगढ़ में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-36 के अंतर्गत गुरुवार को एनसीसी कैडेट्स को अग्नि सुरक्षा एवं बचाव कार्यों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, आग बुझाने की तकनीक तथा बचाव कार्यों के महत्वपूर्ण तरीके बताए।

कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में फायर ब्रिगेड केंद्र फतेहगढ़ से आए अग्निशमन अधिकारी विनोद कुमार एवं उनकी टीम ने कैडेट्स को आग लगने के कारणों और उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में सबसे पहले उस स्रोत को हटाने का प्रयास करना चाहिए, जिससे आग फैल रही हो। उन्होंने समझाया कि ऑक्सीजन की उपलब्धता आग को तेजी से फैलाती है और ऑक्सीजन का संपर्क समाप्त होने पर आग स्वतः बुझने लगती है।

प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स को फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। अग्निशमन टीम ने डेमो के माध्यम से कैडेट्स को आग बुझाने की प्रक्रिया सिखाई तथा किसी भवन में आग लगने की स्थिति में अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अपनाई जाने वाली रेस्क्यू तकनीकों की जानकारी दी।

कैडेट्स ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अग्नि सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के समापन पर कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने अग्निशमन अधिकारी विनोद कुमार एवं उनकी टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट मेजर संदीप माधव, कैप्टन गिरिजा शंकर, लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान, लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, लेफ्टिनेंट राजेश दुबे, चीफ फायर अफसर सतीश चंद्र यादव, सेकंड अफसर संतोष शुक्ला, सूबेदार मेजर नवीन कुमार, सूबेदार गिरिराज किशोर, सूबेदार दिनेश सिंह, जीसीआई अंजलि सहित समस्त पी-स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Comment