फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अप्रैल 2026 प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए बड़ा अवसर प्रदान किया जा रहा है। इच्छुक युवा इस योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट https://msme.up.gov.in/ के माध्यम से जारी है।योजना के तहत उद्योग एवं सेवा क्षेत्र में अधिकतम ₹5 लाख तक की परियोजनाओं पर ऋण के साथ अनुदान (सब्सिडी) प्रदान किया जाएगा। वहीं ₹5 लाख से ₹10 लाख तक की परियोजनाओं में अतिरिक्त धनराशि की व्यवस्था लाभार्थी को स्वयं करनी होगी। इस योजना में लिया गया ऋण कम्पोजिट लोन होगा, जिसमें परियोजना लागत का न्यूनतम 10 प्रतिशत टर्म लोन के रूप में शामिल होना अनिवार्य है।सरकार द्वारा लाभार्थियों को परियोजना लागत का 10 प्रतिशत या अधिकतम ₹5 लाख (जो भी कम हो) तक मार्जिन मनी सब्सिडी प्रदान की जाएगी। साथ ही ऋण वितरण के बाद 6 माह का मोरेटोरियम पीरियड भी दिया जाएगा। हालांकि, यदि लाभार्थी परियोजना स्थापित नहीं करता है या 4 वर्षों के भीतर इकाई बंद हो जाती है, तो दी गई सब्सिडी वापस ले ली जाएगी। ध्यान रहे कि इस ऋण में भूमि खरीद शामिल नहीं होगी।पात्रता शर्तें:योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है। आयु सीमा 21 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण होनी चाहिए। इंटरमीडिएट या समकक्ष योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।इसके अतिरिक्त, आवेदक को किसी सरकारी कौशल प्रशिक्षण योजना जैसे विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), उत्तर प्रदेश स्किल डेवलपमेंट मिशन आदि से प्रशिक्षित होना चाहिए या किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल संबंधी प्रमाण पत्र/डिप्लोमा/डिग्री होना आवश्यक है।साथ ही आवेदक ने पहले किसी अन्य सरकारी योजना (PM स्वनिधि को छोड़कर) के तहत ब्याज या पूंजी अनुदान का लाभ न लिया हो।स्वयं का अंशदान:सामान्य वर्ग के लिए 15 प्रतिशत, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 12.5 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति/जनजाति एवं दिव्यांगजन के लिए 10 प्रतिशत अंशदान जमा करना होगा।योजना से संबंधित अधिक जानकारी या सहायता के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यदिवसों में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, फर्रुखाबाद के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
फर्रुखाबाद: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान: युवाओं को स्वरोजगार के लिए मिलेगा ₹5 लाख तक अनुदान
