फर्रुखाबाद: रानी अवंतीबाई लोधी के 169वें बलिदान दिवस पर कार्यक्रम, बाबूजी कल्याण सिंह की प्रतिमा लगाने की उठी मांग

रानी अवंतीबाई लोधी के 169वें बलिदान दिवस पर कार्यक्रम, बाबूजी कल्याण सिंह की प्रतिमा लगाने की उठी मांग

फर्रुखाबाद, 20 मार्च 2026।
रानी अवंतीबाई लोधी के 169वें बलिदान दिवस के अवसर पर नगर स्थित अनन्त होटल में एक श्रद्धांजलि एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के जिलाध्यक्ष परसोत्तम वर्मा ने की, जबकि संचालन अरविन्द राजपूत द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाज के लोगों ने एक स्वर में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बाबूजी कल्याण सिंह की प्रतिमा नगर में स्थापित किए जाने की मांग उठाई।
भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष राजपूत ने रानी अवंतीबाई लोधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने स्वाधीनता संग्राम में देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि 20 मार्च 1858 को रानी अवंतीबाई लोधी शहीद हुई थीं, लेकिन उनके योगदान को इतिहास में वह स्थान नहीं मिला, जिसकी वह हकदार थीं।
महामंत्री ईश्वरदयाल वर्मा ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने पर जोर देते हुए कहा कि कृषि के साथ-साथ बच्चों की उच्च शिक्षा पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने फिजूलखर्ची और नशे से दूर रहने की अपील की।
वरिष्ठ समाजसेवी लज्जाराम वर्मा ने कहा कि शराब और नशे की प्रवृत्ति ने समाज के कई युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है, इसलिए इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाना जरूरी है।
सुघर सिंह राजपूत एवं अधिवक्ता जनार्दन दत्त राजपूत ने सांसद मुकेश राजपूत से नगर के किसी प्रमुख चौराहे पर रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की। वहीं, बालकराम वर्मा ने बताया कि वे अपने विद्यालय में बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने रानी अवंतीबाई लोधी को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर महासभा के कोषाध्यक्ष सतीश राजपूत, महामंत्री रजनेश राजपूत, जिला पंचायत सदस्य कुंवरजीत राजपूत, नामित सभासद अनुज राजपूत, सुधीर राजपूत, जौली राजपूत, अजय राजपूत, धनीराम राजपूत, अवधेश राजपूत, विनोद राजपूत, युवा मोर्चा अध्यक्ष कौशलेंद्र राजपूत, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुमन राजपूत, लक्ष्मी राजपूत, महिपाल सिंह, दारा सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।