फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अप्रैल 2026 संकस्सनगर स्थित बौद्ध परियत्ति शिक्षा केंद्र में आज परियत्ति शिक्षा स्तर-1 एवं स्तर-2 की परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। यह परीक्षा अशोकाराम संकिसा के बोधिसत्व डॉ. बी.आर. अंबेडकर सभागार में सम्पन्न हुई।
इस आयोजन का संचालन केंद्राध्यक्ष डॉ. अशोक प्रियदर्शी के मार्गदर्शन में किया गया, जबकि परीक्षा का पर्यवेक्षण काठमांडू से पधारे परियत्ति सद्धम पालक संचित बुद्धाचार्य द्वारा किया गया। परीक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी रामवीर शाक्य ने निभाई, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
परीक्षा में मैनपुरी, एटा, कासगंज, फर्रुखाबाद सहित आसपास के कई जनपदों से आए परीक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षार्थियों में बौद्ध धर्म एवं उसके मूल सिद्धांतों के अध्ययन के प्रति विशेष रुचि देखने को मिली।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि बौद्ध परियत्ति शिक्षा का उद्देश्य बुद्ध के उपदेशों, धम्म और विनय के अध्ययन को बढ़ावा देना है, जिससे समाज में नैतिकता, करुणा और समता के मूल्यों का प्रसार हो सके।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने अनुशासन और गंभीरता का परिचय दिया। आयोजकों ने परीक्षा में सफल होने वाले विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
