फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 कड़ी मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर एक किसान की बेटी ने सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जो पूरे जिले के लिए प्रेरणा बन गई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल परीक्षा में फर्रुखाबाद जिले की अंशिका यादव ने 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है, साथ ही जिले में टॉप कर गौरव बढ़ाया है।
नवाबगंज क्षेत्र के गांव परमनगर गंगलऊ निवासी अंशिका यादव सूर्य कुमारी इंटर कॉलेज, मंझना की छात्रा हैं। उनके पिता मनीष कुमार यादव एक साधारण किसान हैं, जबकि माता निशि यादव गृहणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अंशिका ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।
अंशिका ने अपनी सफलता का राज साझा करते हुए बताया कि वह रोज सुबह चार बजे उठकर पढ़ाई करती थीं। स्कूल से लौटने के बाद होमवर्क पूरा करने के बाद देर रात तक पढ़ाई जारी रखती थीं। उन्होंने हाईस्कूल के दौरान टीवी देखना पूरी तरह बंद कर दिया था और मोबाइल का इस्तेमाल केवल पढ़ाई के लिए ही करती थीं।
उन्होंने यह भी बताया कि जो विषय समझ में नहीं आता था, उसे वह बिना झिझक अपने शिक्षकों से पूछती थीं। उनकी सफलता में उनकी मां का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
अंशिका यादव का सपना आगे चलकर IAS अधिकारी बनने का है। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। अंशिका की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां भी उन लोगों का रास्ता नहीं रोक सकतीं, जो अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होते हैं।
