फर्रुखाबाद:आदेशों की अवहेलना पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, दोबारा सील हुआ जीआरडी गेस्ट हाउस

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जून 2026 प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी और सील किए गए परिसर का ताला तोड़कर संचालन करना जीआरडी गेस्ट हाउस संचालक को महंगा पड़ गया। शहर के मसेनी चौराहा स्थित जीआरडी गेस्ट हाउस को प्रशासन ने एक बार फिर सील कर दिया है। कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित गेस्ट हाउसों में हड़कंप मच गया है।

नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार के अनुसार, विगत वर्ष मानकों के उल्लंघन और अन्य अनियमितताओं के चलते जीआरडी गेस्ट हाउस के खिलाफ कार्रवाई करते हुए परिसर को सील किया गया था। इसके बावजूद संचालक ने कथित रूप से सील किए गए कक्ष का ताला तोड़ दिया और वहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू कर दिया।

प्रशासन को मामले की शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से गेस्ट हाउस को पुनः सील कर दिया गया। साथ ही संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।

नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि सरकारी आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में संचालित ऐसे सभी गेस्ट हाउसों को चिन्हित किया जा रहा है, जो निर्धारित मानकों और नियमों के विपरीत कार्य कर रहे हैं। ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद शहर में चर्चा है कि नियमों को ताक पर रखकर कारोबार करने वालों पर अब प्रशासन का शिकंजा और कसने वाला है। अधिकारियों का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा और जनहित में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Comment