फर्रुखाबाद: गैस सिलेंडर की कीमतों और किल्लत के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मार्च 2026 देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी और गैस की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद Sanjay Singh के आवाह्न पर आम आदमी पार्टी, फर्रुखाबाद के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की Bharatiya Janata Party सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण देश की आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। साथ ही गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के कारण लोगों को एक बार फिर लंबी लाइनों में लगने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर के दामों में ₹120 की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई जगहों से छोटे होटल और व्यवसाय बंद होने की खबरें भी सामने आ रही हैं।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और इसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर Iran, Israel और United States के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इससे निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका के दबाव में Russia से सस्ता तेल खरीदने में कमी की गई, जिससे देश को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और इसका सीधा असर महंगाई के रूप में जनता पर पड़ रहा है। साथ ही गैस और ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण कीमतों में वृद्धि हो रही है, जिससे आम नागरिकों और छोटे उद्योगों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश के कई औद्योगिक क्षेत्रों में उद्योग प्रभावित हो रहे हैं। गुजरात के मोरबी जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में सैकड़ों उद्योग बंद होने की स्थिति बन चुकी है, जिससे लाखों लोगों के रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है।
पार्टी ने राष्ट्रपति के नाम दिए गए ज्ञापन में मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए तथा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो देशभर में जन आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर अधिवक्ता प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अचल प्रताप सिंह, अधिवक्ता देवेंद्र सिंह यादव, अधिवक्ता बृजेश कुमार पाल, आईटी सेल प्रभारी अंकित शाक्य, जिला उपाध्यक्ष जगतपाल सिंह, युवा जिला अध्यक्ष राघवेंद्र यादव, छात्र विंग अध्यक्ष रवि शर्मा, नगर अध्यक्ष सनी राजपूत, संतोष वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment