Friday, 27 November 2026 | 2:02 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: मंडलायुक्त ने कमालगंज में मतदाता पुनरीक्षण कार्यों का किया निरीक्षण, बोले- घर-घर जाकर मतदाता सूची का करें सत्यापन

फर्रुखाबाद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रगति परखने पहुंचे कानपुर मंडल के मंडलायुक्त एस0 राजलिंगम ने कमालगंज स्थित संविलयन विद्यालय के मतदान बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को डोर-टू-डोर सर्वे कर मतदाता सूची का वास्तविक मतदाताओं से मिलान करने, पात्र नागरिकों से फार्म-6 प्राप्त करने और आवेदनों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Share:
फर्रुखाबाद: मंडलायुक्त ने कमालगंज में मतदाता पुनरीक्षण कार्यों का किया निरीक्षण, बोले- घर-घर जाकर मतदाता सूची का करें सत्यापन
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों में तेजी लाने और मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से कानपुर मंडल के मंडलायुक्त एस0 राजलिंगम ने गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज स्थित संविलयन विद्यालय में बनाए गए मतदान बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और बूथ लेबिल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने बूथों पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ से फार्म-6 के प्रारूपों के वितरण, नागरिकों से भरे हुए आवेदन प्राप्त करने तथा प्राप्त फार्मों के डिजिटाइजेशन की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी इन कार्यों में तेजी लाएं और निर्धारित समयसीमा के भीतर अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के आवेदन प्राप्त कर उनका समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त एस0 राजलिंगम ने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करें। घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करें और मतदाता सूची में दर्ज नामों का वास्तविक मतदाताओं से अनिवार्य रूप से मिलान करें। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
उन्होंने मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि, अपात्र प्रविष्टि अथवा विसंगति पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
पात्र युवाओं को फार्म-6 भरने के लिए करें जागरूक
मंडलायुक्त ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी और बीएलओ आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। पात्र युवाओं सहित ऐसे सभी नागरिकों को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए फार्म-6 भरने हेतु जागरूक एवं प्रेरित किया जाए, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।
उन्होंने प्राप्त आवेदनों की नियमित निगरानी करने के साथ उनकी ऑनलाइन फीडिंग एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
लापरवाही मिलने पर होगी जिम्मेदारी तय
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अजय पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।