Friday, 27 November 2026 | 2:02 AM
उत्तर प्रदेश

फर्रुखाबाद: संविधान गौरव दिवस पर जनपद में 39 स्थानों पर होगा प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण, अमृतपुर और कायमगंज में पूजन कार्यक्रम आयोजित

संविधान गौरव दिवस के अवसर पर फर्रुखाबाद में डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत चयनित स्थलों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनपद में कुल 39 स्थानों पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं सामाजिक न्याय के महापुरुषों की प्रतिमाओं का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। अमृतपुर के शेराखार गौटिया में विधायक सुशील कुमार शाक्य और कायमगंज के बराबिकू में विधायक डॉ. सुरभि की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुए।
Share:
फर्रुखाबाद: संविधान गौरव दिवस पर जनपद में 39 स्थानों पर होगा प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण, अमृतपुर और कायमगंज में पूजन कार्यक्रम आयोजित
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24) संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद में भारत रत्न एवं संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश सरकार की डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जनपद के चयनित 39 स्थलों पर प्रतिमाओं के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में चयनित स्थलों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित कर योजना के उद्देश्यों को रेखांकित किया गया।
प्रदेश सरकार द्वारा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित सामाजिक न्याय के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं उनसे जुड़े स्थलों का विकास करना है। इसके माध्यम से महापुरुषों के विचारों, आदर्शों, सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदेश के 3,955 और फर्रुखाबाद के 39 स्थल चयनित
योजना के अंतर्गत प्रदेशभर में डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में योगदान देने वाले महापुरुषों से जुड़े कुल 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य प्रारंभ कराए जा रहे हैं। जनपद फर्रुखाबाद में इसके लिए कुल 39 स्थलों का चयन किया गया है। इन स्थानों पर प्रतिमाओं के नवीनीकरण, परिसर के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
अमृतपुर और कायमगंज में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम
संविधान गौरव दिवस पर विधानसभा अमृतपुर के शेराखार गौटिया में विधायक सुशील कुमार शाक्य की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं विधानसभा कायमगंज के बराबिकू में विधायक डॉ. सुरभि की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। दोनों स्थानों पर लखनऊ के लोक भवन में आयोजित मुख्यमंत्री के मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इसके साथ ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं से जुड़े विकास कार्यों के अंतर्गत पूजन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने का दिया संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बाबा साहेब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व, न्याय और सामाजिक समरसता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समान अधिकार और सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समतामूलक एवं न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
योजना के माध्यम से प्रतिमाओं एवं उनसे जुड़े स्थलों को सम्मानजनक और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों को महापुरुषों के जीवन, विचारों और आदर्शों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा समाज कल्याण विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।