फर्रुखाबाद:बलिदान दिवस पर जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, शिक्षकों ने भी निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मार्च 2026 ‘बलिदान दिवस’ के पावन अवसर पर माय भारत, फर्रुखाबाद द्वारा जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं खेल प्रशिक्षकों की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रेरणादायी बनाया।

प्रतियोगिता में कुल 6 खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें बालकों के लिए वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद तथा बालिकाओं के लिए खो-खो, 200 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद प्रतियोगिताएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव रहे। शुभारंभ जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उन्होंने युवाओं को खेलों के महत्व, अनुशासन एवं टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा 200 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया।

प्रतियोगिता में विभिन्न वर्गों के विजेताओं को प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मोनिका यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बलिदान दिवस हमें वीर शहीदों के त्याग और समर्पण की याद दिलाता है तथा युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

इस अवसर पर अधिवक्ता शशांक शेखर मिश्रा, नमामि गंगे की जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शशांक शेखर मिश्रा ने युवाओं को देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं माय भारत टीम के सदस्यों—राहुल बाबू वर्मा, रचना, लक्ष्मीनारायण पाण्डेय, अजीत कुमार, आकाश सोमवंशी, विकास, सुलोचना, सूरज, मयंक, शुभम मिश्रा एवं प्रेम शंकर श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन वैभव सोमवंशी द्वारा किया गया।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।