फर्रुखाबाद:ऑटो में जेब काटकर रुपये उड़ाने वाला शातिर चोर शमसाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा, नकदी व अवैध तमंचा बरामद

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 13 जुलाई 2026 अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शमसाबाद पुलिस ने ऑटो में जेब काटकर रुपये चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नकदी, एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज श्री यमुना प्रसाद के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत थाना शमसाबाद पुलिस ने मुकदमा संख्या 122/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त करन पुत्र बबलू गिहार उर्फ कारिया, निवासी गिहार कॉलोनी, भोगांव, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार किया।

10 जुलाई को हुई थी जेबकटी की घटना

पुलिस के मुताबिक 10 जुलाई 2026 को नैगमा निवासी शीशराम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने ऑटो में सफर के दौरान उनकी जेब काटकर 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। विवेचना एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करन को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में कबूला जुर्म

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने दो साथियों राजा बाबू निवासी हरदोई तथा शनि निवासी तकीपुर (मोहम्मदाबाद) के साथ मिलकर ऑटो में जेब काटकर 25 हजार रुपये चोरी किए थे। चोरी की रकम तीनों ने आपस में बांट ली थी, जिसमें से उसके हिस्से के अधिकांश रुपये खर्च हो चुके थे और केवल 3 हजार रुपये ही बरामद हुए।

अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि 16 मई 2026 को कायमगंज क्षेत्र के करीमनगर गांव के पास भी इसी तरह एक व्यक्ति की जेब काटकर 40 हजार रुपये चोरी किए थे।

पुलिस ने यह किया बरामद

गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने:

3,000 रुपये (शमसाबाद थाना के मुकदमे से संबंधित)

4,000 रुपये (कोतवाली कायमगंज के मुकदमे से संबंधित)

एक अवैध .315 बोर तमंचा

दो जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद किए।

अवैध हथियार की बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ थाना शमसाबाद में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।

लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार करन पर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य आपराधिक धाराओं के कुल 15 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

अभियुक्त की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक भूकेन्द्र सिंह, कांस्टेबल तरुण कुमार, आरक्षी आदेश कुमार तथा आरक्षी श्रीकृष्ण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Comment