मैनपुरी में लौकी, गोभी फेंककर घर लौटे किसान

मैनपुरी में शनिवार को सब्जी मंडी के भाव ने किसानों को निराश किया। हताश, निराश किसान मंडी में सब्जी फेंककर वापस लौट गए। घिरोर सब्जी मंडी में किसानों ने अपना दुखड़ा बताया। कहा कि उम्मीद थी कि फूलगोभी और लौकी की बिक्री करने के बाद दिवाली पर्व ठीक से हो जाएगा। लेकिन मंडी भाव ने निराश किया। लौकी को किसान बिना बिक्री के ही छोड़कर चले गए। फूलगोभी का भाव इतना कम था कि किसानों का मंडी में वाहन द्वारा लाया गया किराया तक नहीं निकला।घिरोर के सब्जी मंडी में शनिवार को लौकी वाहनों से बोरियों में भरकर लाई गई। इससे मंडी में लौकी ही लौकी बड़ी मात्रा में दिखने को मिली। लेकिन भाव सस्ते होने के कारण लौकी का बोरा 20 रुपये में ही बिका। फूलगोभी का भी यही हाल रहा। 40 किलो फूलगोभी 50 से 60 रुपये की ही बिकी। किसानों का कहना है कि त्योहार पर गोभी के रेट अच्छे रहते थे। लेकिन इस बार लागत तो दूर किराया भी नही निकल रहा है। इसके चलते कुछ किसान तो बिना बेचे ही लौकी छोड़कर चले गए।

मंडी में लौकी को सब्जी विक्रेता नहीं ले रहे हैं। अधिक मात्रा में लौकी आ रही है। इससे लौकी के भाव गिरे हुए हैं। यही हाल फूलगोभी का भी है। मंडी में अधिक आने के कारण भाव कम है। बीते वर्ष दिवाली पर फूलगोभी और लौकी के अच्छे भाव किसानों को मिले थे। -संजू शाक्य, आढ़तिया