Monday, 05 October 2026 | 4:25 AM
उत्तर प्रदेश

झांसी-सम्यक पार्टी से ही होगा किसानों की समस्याओं का समाधान: मनोहर बौद्ध

Share:
झांसी-सम्यक पार्टी से ही होगा किसानों की समस्याओं का समाधान: मनोहर बौद्ध
Read in your preferred language.

मऊरानीपुर (झांसी)। सम्यक पार्टी के “चलो गांव की ओर” अभियान के तहत रविवार को मऊरानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बुढ़ाई में पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी मनोहर बौद्ध तथा विशिष्ट अतिथि मंडल अध्यक्ष कोमल प्रसाद राय रहे। कार्यक्रम में विधानसभा सचिव कृपाराम कुशवाहा, छत्रसाल तथा नगर उपाध्यक्ष रामबाबू सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए मनोहर बौद्ध ने ग्रामीणों को सम्यक पार्टी की विचारधारा, नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सम्यक पार्टी के सत्ता में आने पर किसानों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करना पार्टी के प्रमुख एजेंडे में शामिल है।

उन्होंने कहा कि हर खेत तक पानी और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। गरीब हो या धनवान, सभी बच्चों को समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना पार्टी की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को उसके अपने गांव में रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस व्यवस्था की जाएगी, जिससे मजदूरों और ग्रामीण युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों में पलायन करने की आवश्यकता न पड़े।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कोमल प्रसाद राय एवं जिला अध्यक्ष राजेश पांचाल ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का माला पहनाकर स्वागत किया। बैठक का आयोजन परम लाल कुशवाहा ने किया।

कार्यक्रम के अंत में लक्ष्मी प्रसाद कुशवाहा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।