फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 04 अक्टूबर 2026 जनपद में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन 34 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित मेले में कुल 1540 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिनमें 781 पुरुष, 566 महिलाएं और 193 बच्चे शामिल रहे।
मेले में मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, जांच, उपचार और आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य सेवाओं में 35 चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ ने सहयोग किया। कुल 265 मरीज बुखार से संबंधित पाए गए, जिनमें 108 की मलेरिया रैपिड जांच कराई गई। सभी मलेरिया जांचों में रिपोर्ट निगेटिव रही। 42 मरीजों की डेंगू जांच भी कराई गई, जिसमें कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला।
इसके अलावा 24 मरीजों की हेपेटाइटिस-बी और 33 की हेपेटाइटिस-सी जांच की गई, सभी रिपोर्ट निगेटिव रहीं। 30 मरीजों की कोविड जांच, 11 मरीजों की आंखों से संबंधित जांच कराई गई। पांच मरीजों को टेलीमेडिसिन सेवा से जोड़ा गया, पांच ABHA आईडी और छह आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए।
मेले में बीमारीवार जांच और परामर्श पर भी विशेष जोर दिया गया। त्वचा संबंधी समस्या के 372, गैस्ट्रो के 178, डायबिटीज के 178, श्वसन संबंधी रोग के 176, हाइपरटेंशन के 69, गर्भवती महिलाओं के 45 तथा लिवर संबंधी समस्या के 29 मरीज पहुंचे। 21 लोगों को तंबाकू छोड़ने संबंधी परामर्श, 12 मरीजों को टीबी संबंधी जांच/परामर्श और पांच मरीजों की एनीमिया संबंधी जांच की गई। अन्य रोगों से संबंधित 668 मरीज पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों को बीमारी के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय सलाह, उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। जरूरत के अनुसार मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर भी किया गया।
सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य लोगों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ही जांच, उपचार, परामर्श और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। मौसम में बदलाव के दौरान बुखार, मलेरिया, डेंगू सहित संक्रामक रोगों की समय से पहचान और उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।