फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग की ई-लॉटरी सम्पन्न, 118 आवेदनों पर हुई पारदर्शी प्रक्रिया

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 जनपद में वर्ष 2026-27 के लिए आबकारी विभाग द्वारा ई-लॉटरी के तृतीय चरण की प्रक्रिया आज शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराई गई। यह प्रक्रिया जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर आयोजित की गई, जिसमें पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार, जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता तथा आबकारी आयुक्त द्वारा नामित अधिकारी देवेन्द्र सिंह रावत सहित समस्त आबकारी निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान देशी शराब की 05 दुकानों के लिए 105 आवेदन तथा कंपोजिट शॉप की 02 दुकानों के लिए 13 आवेदन प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 118 आवेदनों पर लॉटरी की कार्यवाही की गई।

कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ज्योति चौधरी द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया। सबसे पहले आवेदकों की उपस्थिति में सिमुलेशन प्रक्रिया कराई गई, जिसमें आवेदकों से 3 सीड अंक प्राप्त कर उन्हें चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के बारे में जानकारी दी गई।

इसके बाद रैंडमाइजेशन की वास्तविक प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें पुनः आवेदकों से 3 सीड अंक लेकर अंतिम ई-लॉटरी संपन्न कराई गई। पूरी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखते हुए सभी आवेदकों को समान अवसर प्रदान किया गया।

प्रशासन द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई इस ई-लॉटरी प्रक्रिया को लेकर आवेदकों में संतोष देखने को मिला।