लखीमपुर खीरी : (द दस्तक 24 न्यूज) जनपद खीरी के रिजर्व पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में रविवार को 487 रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण उपरांत भव्य ‘दीक्षांत परेड’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस गौरवशाली समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री किरन एस पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक खीरी श्रीमती ख्याति गर्ग द्वारा की गई।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा परेड के निरीक्षण के साथ हुआ।
प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 487 रिक्रूट आरक्षियों ने अनुशासन और उच्चस्तर के तालमेल का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक मार्च पास्ट किया। अब ये जवान उत्तर प्रदेश पुलिस के अभिन्न अंग बनकर जनसेवा और प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे। कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के लखनऊ से दिए गए संबोधन का लाइव टेलीकास्ट किया गया। मुख्यमंत्री जी ने नए आरक्षियों को पुलिस बल का हिस्सा बनने पर बधाई दी और उन्हें पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के उपरांत टोलियों ने गौरवपूर्ण तरीके से प्रस्थान किया। प्रशिक्षण की अवधि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों (जैसे- इनडोर, आउटडोर और फायरिंग) में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा ‘प्रशस्ति पत्र’ और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि श्री किरन एस (महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र) ने जवानों के टर्नआउट की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी केवल एक पद नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने जवानों को आधुनिक चुनौतियों और साइबर अपराध जैसे उभरते विषयों पर निरंतर सीखने की सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक खीरी ने सभी नवागत आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके परिजनों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण टीम के कठिन परिश्रम और समर्पण की भी प्रशंसा की।
लखीमपुर खीरी : पुलिसकर्मियों का भव्य दीक्षांत परेड समारोह,487 रिक्रूट आरक्षियों ने ली देश सेवा की शपथ
