फर्रुखाबाद में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बोले विपक्ष एकजुट होकर भी कुछ नहीं कर सकता

आवास-विकास स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कहा कि विपक्ष एकजुट होकर भी कुछ नहीं कर सकता। लोकसभा चुनाव से पहले निकाय चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा कि सभी पूरी दमदारी से जुटें और सभी निकायों में कमल खिलाएं।

दोपहर जिला कार्यालय पहुंचे डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा मुखिया कहते थे कि हम जीतेंगे लेकिन हमने उन्हें विधानसभा चुनाव में पछाड़ दिया। कांग्रेस 60 साल में जो नहीं कर सकी वह भाजपा ने आठ साल में कर दिखाया। हम जनता की सेवा करने का काम कर रहे हैं विपक्ष साजिश कर रहा है। सभी दल एकजुट हो जाएं तो भी भाजपा को 25 साल तक सत्ता से नहीं हटा सकते। डिप्टी सीएम ने कहा बहुत पहले देश विरोधी सिमी नाम का संगठन चलता था, उसी का नाम बदलकर साजिशन पीएफआई कर दिया गया। पाकिस्तान के आका इसके माध्यम से भारत में देश विरोधी गतिविधियां चला रहे थे। उनको यह नहीं मालूम था कि यहां कांग्रेस की नहीं, मोदी जी की सरकार है। कहा कि मोदी जी ने देर न लगाते हुए इसे पहचाना और उस पर प्रतिबंध लगाया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा, भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र पार्टी है जो अपने छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी सौंपती है। वह पार्टी के कार्यकर्ता पहले है और उप मुख्यमंत्री बाद में है। पार्टी कार्यालय मेरे लिए मंदिर है, इसी वजह से वह पहले पार्टी कार्यालय जाते हैं, इसके बाद दूसरा काम करते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य सेवा करना है। हमारे सहयोगी सम्राट शाक्य के मुताबिक, उन्होंने आगे कहा, की देश के भीतर अलंग-अलग राजनैतिक दल व कुछ संगठन भृष्टाचार फैलाने और सीमाएं असुरक्षित करने का प्रयास कर रही है। पीएफआइ व उससे जुड़े संगठन इसका उदाहरण है, इनके तार पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों से जुड़े थे। इन संगठनों पर केंद्र सरकार ने प्रतिबंध लगाया है,वह इसका स्वागत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठ साल के कार्यकाल में एक भी छुट्टी नहीं ली। हकीकत यह है कि पच्चीस साल तक केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार हटने वाली नहीं है। इस दौरान विधायक सुशील शाक्य, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक डा.सुरभि, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यपाल सिंह,भूदेव सिंह राजपूत, दिनेश कटियार भी मंच पर मौजूद रहे।