बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार (03 मई) को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की. बताया जा रहा है कि बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार समेत अन्य मुद्दों पर दोनों के बीच चर्चा हुई है. आने वाले हफ्ते में बिहार में मंत्रिमंडल के विस्तार होने की संभावना जताई जा रही है. दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री से मिलने से पहले उन्होंने एनडीए के कई अन्य नेताओं से भी मुलाकात की है.
बता दें कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होना बाकी है. 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने बिहार के नए सीएम के तौर पर शपथ ली थी. वो प्रदेश में बीजेपी के पहले सीएम हैं. उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने डिप्टी सीएम के तौर पर शपथ ली थी. सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय से भी मुलाकात की है. मिलने के बाद उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ”नई दिल्ली में आत्मीय भेंट और सार्थक मुलाकात हुई. इस दौरान ‘विकसित भारत, समृद्ध बिहार’ के विजन को लेकर सकारात्मक और परिणामोन्मुखी चर्चा हुई.”
केंद्रीय मंत्री और JDU नेता ललन सिंह से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए CM सम्राट चौधरी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, ”बिहार से जुड़े विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई और राज्य के समग्र विकास को गति देने के लिए सहयोग व समन्वय पर विचार-विमर्श किया गया. वहीं, सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी से मिलने के बाद इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया. इससे पहले, सम्राट चौधरी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की.
