देवरिया में भारत लोकहित महोत्सव का आयोजन

सम्यक पार्टी की ओर से गुरुवार को सीतापुर जनपद की महमूदाबाद विधानसभा के देवरिया गांव में सम्राट अशोक महान की जयंती भारत लोकहित महोत्सव के रूप में मनाई गई। ध्यातव्य है कि सम्यक पार्टी ने कई महापुरुषों की जयंती को महोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। महोत्सव के मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन प्रोफेसर राम सिंह रहे। पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुराग कुमार मौर्य, बिसवां विधानसभा अध्यक्ष अभय मौर्य, महमूदाबाद विधानसभा उपाध्यक्ष सुनीत कुमार मौर्य, महासचिव पुष्पेन्द्र कुमार राज और देवरिया ग्राम अध्यक्ष हनुमान सहित सैकड़ों ग्राम जनों ने महोत्सव में भाग लिया। महोत्सव का आयोजन जिलाध्यक्ष अनुराग कुमार मौर्य द्वारा किया गया था।

महोत्सव की शुरुआत भगवान बुद्ध के चरणों में और सम्राट अशोक महान एवं बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। फिर बिसवां विधानसभा अध्यक्ष अभय मौर्य ने सम्राट अशोक महान पर एक कविता के साथ अपने विचार रखे। जिलाध्यक्ष अनुराग कुमार मौर्य ने अशोक की सर्व लोकहित वाली नीतियों के सम्बन्ध में विचार रखे। मुख्य अतिथि प्रोफेसर राम सिंह ने सम्राट अशोक महान की समता, समरसता, लोकहित, करुणा, प्रशासनिक कुशलता, आदि के बारे में बताया। प्रोफेसर राम सिंह ने बताया कि सम्यक पार्टी सम्राट अशोक महान की तरह समता, समरसता और सर्व लोकहित वाली नीतियों पर चलेगी। इन्हीं लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सम्यक पार्टी के रूप में पूर्ण लोकतांत्रिक पार्टी को खड़ा किया जा रहा है। यह संगठन और विचारधारा दोनों में लोकतांत्रिक आम जनता की पहली लोकतांत्रिक पार्टी है। पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने भी सम्राट अशोक महान के बारे में अपने विचार रखे। पार्टी के विधानसभा महासचिव पुष्पेन्द्र कुमार राज द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ।