

थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम कपूरपुर में एक गरीब परिवार की कच्ची झोपड़ी में अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना में झोपड़ी में रखा पूरा घर-गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पीड़ित ने थाना मीरगंज में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कपूरपुर निवासी राजकुमार सिंह पुत्र श्री बेनी सिंह मंगलवार को लगभग दोपहर 3:00 बजे अपने खेत पर पशुओं के लिए चारा काटने गए हुए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी कच्ची झोपड़ी में आग लगा दी। आग ने देखते ही देखते पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।आग लगने से झोपड़ी में रखा चारपाई, बिस्तर, गद्दा, रजाई, तकिए, कपड़े, बर्तन, राशन तथा अन्य दैनिक उपयोग का समस्त सामान जलकर नष्ट हो गया। जब राजकुमार सिंह खेत से वापस घर पहुंचे, तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।पीड़ित राजकुमार सिंह ने बताया कि इस घटना से उनके परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है और अब परिवार के सामने दैनिक जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने जानबूझकर उनकी झोपड़ी में आग लगाई है।पीड़ित ने थाना मीरगंज में लिखित प्रार्थना पत्र देकर घटना की निष्पक्ष जांच कराने, आग लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने तथा कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।वहीं, क्षेत्र में इस घटना के बाद ग्रामीणों में भी चिंता और रोष का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा करने तथा पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
