फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 मार्च 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए नियुक्ति पत्र वितरण एवं स्मार्टफोन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य एवं भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर मौजूद रहे।
इस दौरान जनपद स्तर पर चयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। साथ ही पहले से कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। कार्यक्रम में कुल 239 स्मार्टफोन लाभार्थियों को प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को उनके कार्यों में सुगमता प्रदान करने के उद्देश्य से स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन स्मार्टफोनों के माध्यम से ‘पोषण ट्रैकर ऐप’ पर डेटा फीडिंग और रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी, जिससे पोषण संबंधी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि शासनादेश के तहत रिक्त पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर निष्पक्ष चयन किया गया। इसके अंतर्गत जनपद में 7 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 476 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के विकास से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 में निर्मित 14 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। साथ ही बढ़पुर विकास खंड के ग्राम जसमई में नए आंगनबाड़ी केंद्र भवन के निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य पोषित आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का शत-प्रतिशत निर्माण कराया जाएगा। प्रत्येक केंद्र की अनुमानित लागत ₹30.22 लाख निर्धारित की गई है और निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त के रूप में ₹10.14 लाख से अधिक की धनराशि जारी की जा चुकी है।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
