अकबरनगर के बाद अब अर्जुनगंज में चलेगा बुलडोजर

सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लोक निर्माण विभाग 8 अप्रैल से मकान और दुकान तोड़ने का अभियान चलाएगा। अर्जुनगंज से सुलतानपुर रोड को जाने वाली 1820 मीटर लम्बी सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसको लेकर पुलिस प्रशासन से भी बात हो गई है। ध्वस्तीकरण की कार्यवाही के लिए तीन टीमें बनाई गई है। पीडब्ल्यूडी अर्जुनगंज मरी माता मंदिर से यह अभियान चलाएगा।
हालांकि कई लोगों ने निर्धारित डेट से पहले ही खुद अपना निर्माण तोड़ना शुरू कर दिया है। इसमें कई लोगों की जमीन भी आ रही है, उनको विभाग की तरफ से उचित मुआवजा मिलेगा। करीब 60 से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई हो सकती है।
यहां रहने वाले स्थानीय लोगों को पीडब्ल्यूडी दो बार नोटिस जारी कर चुका है। नोटिस के बाद भी कई लोगों ने अवैध निर्माण को नहीं तोड़ा हैं। इसे लेकर अफसरों जिला प्रशासन से ध्वस्तीकरण चलाने की अनुमति मांगी थी। पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने बताया कि अर्जुनगंज की सड़क अलग-अलग हिस्सों में 20 से 26 मीटर चौड़ी हैं।
कुछ लोगों ने सिर्फ 15 मीटर की सड़क छोड़ कर बाकी के हिस्से पर निर्माण कर लिया है। ऐसे में राजस्व अभिलेखों से आवासों का मिलान किया गया। इस दौरान जो भी सड़क पर निर्माण मिल उसको ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया गया। इसके बदले में उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिलेगा। लोक निर्माण विभाग ने करीब दो महीने पहले यहां के स्थानीय लोगों को नोटिस भी जारी कर चुका है। 31 मार्च को इसकी अंतिम सीमा खत्म हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि कई लोगों ने अपने मकान और दुकान के निर्माण के दौरान आगे की जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस दौरान 5 मीटर तक कब्जा किया गया है। उन सभी लोगों का निर्माण तोड़ा जाएगा। लोक निर्माण विभाग के नोटिस के बाद भी कब्जेदार अपनी दलील में कोई ऐसा सबूत नहीं दे पाए हैं जिसमें यह साबित हो पाए कि उनकी तरफ से कब्जा नहीं किया गया है।