फर्रुखाबाद से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा’ के लिए 10 श्रद्धालुओं का दल रवाना, डीएम ने दी शुभकामनाएं

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 19 अप्रैल 2026 जनपद फर्रुखाबाद से ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा’ के तहत 10 श्रद्धालुओं का दल आज कलेक्ट्रेट सभागार से लखनऊ के लिए रवाना किया गया। जिलाधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विधिवत मंत्रोच्चार के बीच यात्रियों का माल्यार्पण कर उन्हें विदा किया। इस दौरान पूरा वातावरण श्रद्धा और उत्साह से सराबोर रहा।

जिलाधिकारी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने सभी यात्रियों से अनुशासन और मर्यादा का पालन करते हुए यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।

बताया गया कि लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं को एकत्रित कर विशेष ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ के लिए रवाना किया जाएगा। यह यात्रा शासन की एक अहम धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहल है, जिसका उद्देश्य प्रदेशवासियों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों से जोड़ना है।

फर्रुखाबाद से इस यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं में सर्वश्री त्रिलोकी नाथ वर्मा, श्रीमती चेतन भारती, श्रीमती शांति, श्री सुरेंद्र कुमार पांडेय, श्री राकेश कुमार सारस्वत, श्री यतीन्द्र प्रकाश दुबे, सुश्री निहारिका पटेल, पंडित अजय पाल, श्री राकेश एवं श्री अंकुर कुमार कश्यप शामिल हैं।

यात्रा दल की नोडल अधिकारी के रूप में सहायक आयुक्त उद्योग श्रीमती सोनाली सिंह को नामित किया गया है, जो पूरी यात्रा के दौरान समन्वय एवं व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रा की सफलता की कामना की।