फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मार्च 2026 भारत विकास परिषद बजरंग शाखा फतेहगढ़ एवं आकांक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में जे.एन. मेमोरियल स्कूल, धारमपुर में नि:शुल्क आंख एवं दांत परीक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रोफेसर डॉ. वंदना द्विवेदी एवं विशिष्ट अतिथि भारत विकास परिषद के प्रांतीय सचिव आलोक रायजादा उपस्थित रहे। शिविर में डॉ. निशीथ भट्ट की टीम द्वारा आंखों का बारीकी से परीक्षण किया गया, जबकि दंत परीक्षण डॉ. आशीष मेहरोत्रा द्वारा किया गया।
शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि डॉ. वंदना द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को भारतीय परंपराओं और संस्कारों के आधार पर जीवन का निर्माण करना चाहिए। उन्होंने बड़ों का सम्मान, गुरुजनों का आदर और सामाजिक सहयोग की भावना को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अभिवादन से बल, बुद्धि, विद्या और आयु की प्राप्ति होती है।
प्रांतीय सचिव आलोक रायजादा ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में संस्था के डाटा मैनेजर मनीष शुक्ला, हॉकी महासंघ की सदस्य श्रीमती बरखा सक्सेना, महिला विंग की प्रधान श्रीमती उपासना शर्मा, श्रीमती परिंदा टोंक, संजय वर्मा, मनोज रस्तोगी, पप्पू बाबू, पंडित जयप्रकाश शास्त्री, अमन कुमार, अनुराग कुमार, डिंपल, रेखा, रितु कटियार, अंशिका दुबे, अंशिका दीक्षित, राहुल सिंह, माधव सिंह, संजीव तिवारी, तानिया गुप्ता, अंशिका सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय के निदेशक दुष्यंत दुबे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें फूल-माला, स्मृति चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में भारत विकास परिषद के सचिव अवनींद्र कुमार सक्सेना ने सभी का आभार व्यक्त किया।
अंततः स्वच्छता मिशन के अंतर्गत बालिकाओं एवं महिलाओं को नि:शुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन अंजुम दुबे एडवोकेट द्वारा किया गया।
