फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 सितंबर 2026 आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर के निर्देश पर जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीमों द्वारा संदिग्ध क्षेत्रों में दबिश और अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में 10 सितंबर 2026 को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने टीम के साथ संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने 12 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा करीब 160 किलोग्राम लहन बरामद किया। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया है।
शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ जागरूक किया
आबकारी विभाग की टीम ने ग्रामीणों को अवैध मदिरा का सेवन न करने तथा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री से संबंधित गतिविधियों की सूचना विभाग को देने के लिए जागरूक किया। लोगों को अवैध शराब से होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी गई।
शराब की दुकानों का भी हुआ औचक निरीक्षण
प्रवर्तन कार्रवाई के साथ आबकारी विभाग ने विभिन्न अनुज्ञापन स्थलों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान देशी शराब दुकान नेकपुर चौरासी, बढ़पुर, कम्पोजिट दुकान बढ़पुर तथा मॉडल शॉप आवास विकास की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, POS मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। इसके अलावा देशी शराब की दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई।
अधिकारियों ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों और मानकों का पूर्ण रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
अनियमितता मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया गया। आबकारी विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों को क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी बनाए रखने तथा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार जनपद में अवैध मदिरा के कारोबार के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
