फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 सितंबर 2026 जनकल्याणकारी सेवाओं के संचालन में लापरवाही को लेकर जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय ने सख्त रुख अपनाया है। विगत तीन माह से ई-अटेंडेंस एप पर अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले 43 पंचायत सहायक/एकाउंटेंट-कम-डेटा एंट्री ऑपरेटर के मामले में संबंधित 26 ग्राम पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी, फर्रुखाबाद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि संबंधित पंचायत सहायकों द्वारा निर्धारित व्यवस्था के तहत ई-अटेंडेंस एप पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही थी। लंबे समय से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने के कारण ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित 26 ग्राम पंचायत सचिवों से स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस के माध्यम से यह स्पष्ट किया गया है कि पंचायत स्तर पर कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की निगरानी करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
ई-अटेंडेंस व्यवस्था का उद्देश्य पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति को पारदर्शी बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। विभाग की इस कार्रवाई से लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों में हड़कंप की स्थिति है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनकल्याणकारी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कार्य सुनिश्चित कराया जाएगा।
