फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 सितंबर 2026 किसानों की आय में वृद्धि करने और रबी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने रबी सीजन 2026 के लिए अनुदानित बीज एवं निःशुल्क बीज मिनीकिट की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर अपनी पात्रता के अनुसार बीज मिनीकिट, सामान्य बीज एवं अन्य कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कृषि विभाग के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए किसान का कृषि विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत होना अनिवार्य है। रबी सीजन में तोरिया, गेहूं, चना, मटर, मसूर, सरसों और शंकर सरसों सहित प्रमुख फसलों की उन्नत किस्मों के सामान्य तथा निःशुल्क मिनीकिट बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
50 प्रतिशत कृषक अंश जमा करना होगा
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पात्र किसानों को बीज पर निर्धारित अनुदान का लाभ मिलेगा। निःशुल्क बीज मिनीकिट प्राप्त करने वाले किसान ऐट-सोर्स पीओएस मशीन पर स्वयं अंगूठा लगाकर मिनीकिट प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं सामान्य बीज वितरण में किसान को बीज के मूल्य का 50 प्रतिशत कृषक अंश जमा करना अनिवार्य होगा। संकर बीज के वितरण में बीज के मूल्य का 50 प्रतिशत अथवा निर्धारित अनुदान, जो योजना के अनुसार लागू होगा, देय होगा।
ऐसे करें ऑनलाइन बुकिंग
किसान ऑनलाइन बुकिंग के लिए कृषि विभाग के पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
सबसे पहले agriculture.up.gov.in पोर्टल पर जाएं।
होमपेज पर किसान पंजीकरण अथवा बीज मिनीकिट/अनुदानित बीज बुकिंग विकल्प चुनें।
अपना कृषक पंजीकरण नंबर (Registration ID) दर्ज करें।
ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें।
अपनी इच्छित फसल के बीज मिनीकिट का चयन करें।
आवेदन सबमिट करने के बाद ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
लक्ष्य से अधिक बुकिंग पर होगी ई-लाटरी
कृषि विभाग के अनुसार यदि उपलब्ध लक्ष्य से अधिक किसानों की बुकिंग प्राप्त होती है तो लाभार्थियों का चयन जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ई-लाटरी के माध्यम से किया जाएगा। वहीं निर्धारित लक्ष्य से कम बुकिंग होने की स्थिति में बुकिंग ऑटो-कन्फर्म हो जाएगी।
तकनीकी सहायता के लिए यहां करें संपर्क
ऑनलाइन बुकिंग अथवा योजना से संबंधित किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या या जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय, फर्रुखाबाद अथवा अपने विकासखंड के सहायक विकास अधिकारी (कृषि) एवं राजकीय बीज भंडार से संपर्क कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे समय से पोर्टल पर पंजीकरण एवं ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी कर रबी सीजन की उन्नत बीज योजनाओं का लाभ उठाएं।
