मिश्रिख। आजाद समाज पार्टी की ओर से इंदलपुर माजरा फतेहनगर में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर गांव की मूलभूत समस्याओं से पार्टी पदाधिकारियों को अवगत कराया।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से सफाई कर्मी के न आने के कारण नालियों की सफाई नहीं हो पा रही है। नालियां गंदगी से पटी पड़ी हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सभा में सबसे प्रमुख समस्या गांव के प्राथमिक विद्यालय तक रास्ता न होने की सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय तक पहुंचने के लिए न तो उचित चक मार्ग है और न ही कोई सुगम रास्ता। बच्चों को दो खेतों के बीच बनी मेड़ से होकर विद्यालय जाना पड़ता है। इस दौरान जंगली एवं जहरीले जानवरों का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने विद्यालय तक सुरक्षित रास्ता बनवाए जाने की मांग की।आजाद समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष श्यामलाल भारती ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाएगी।नुक्कड़ सभा में आजाद समाज पार्टी की नीतियों और विचारधारा के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष रविंद्र कुमार, विधानसभा मीडिया प्रभारी अफरोज अली सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं पदाधिकारियों के समक्ष रखीं और शीघ्र समाधान की मांग की।
इंदलपुर में नुक्कड़ सभा में गूंजी ग्रामीणों की समस्याएं सफाई व्यवस्था बदहाल, प्राथमिक विद्यालय तक रास्ता न होने से बच्चों को परेशानी
