डेविड वॉर्नर बने ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान

वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का तीसरा सीजन 3 अक्टूबर से शुरू हो रहा है. डेविड वॉर्नर को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस का कप्तान नियुक्त किया गया है. इस टीम का सह-मालिकाना हक पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग के पास है. तीसरा सीजन शुरू होने में अभी करीब एक महीना बचा है, जिसे WCL इतिहास का सबसे बड़ा सीजन बताया जा रहा है. मंगलवार को मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की नई पहचान का अनावरण किया गया. WCL 3 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक यूएई में खेला जाएगा.

रिकी पोंटिंग आज तक वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में बतौर खिलाड़ी नहीं खेले हैं, लेकिन एक टीम मालिक के रूप में आने से एक लीग के रूप में WCL का कद और लोकप्रियता बढ़ी है. रिकी पोंटिंग के अलावा डेविड वॉर्नर ने इस आगामी लीग को लेकर उत्साह दिखाया.

डेविड वॉर्नर पहले कभी वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में नहीं खेले हैं और अपने पहले ही सीजन में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे. टीम की कप्तानी मिलने पर वॉर्नर ने कहा, “मैं WCL सीजन 3 में ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की कप्तानी करने को लेकर बहुत उत्साहित हूं. इससे बेहतर क्या होगा कि आप महान खिलाड़ियों के साथ मैदान पर वापसी करें और फैंस को जश्न मनाने के लिए कुछ यादगार पल दें.”

वहीं ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के सह-मालिक पुनीत ने भी इस आगामी प्रोजेक्ट पर खुशी व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस की एक नई शुरुआत है. उन्होंने उत्साह दिखाया कि रिकी पोंटिंग और डेविड वॉर्नर का टीम से जुड़ना अपने आप में एक खास अनुभव होगा.

Leave a Comment