आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण विकास भवन में देखा व सुना गया।
मा0 जनप्रतिनिधियों ने विवेकानंद सभागार में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की।
कासगंज, 08 सितंबर 2026। अयोध्या में आयोजित मा0 मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ जी के आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के सम्मान समारोह तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ वितरण कार्यक्रम का विकास भवन सभागार, कासगंज में सजीव प्रसारण देखा व सुना गया।
इस अवसर पर सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमापुर विधायक हरिओम वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कार्यकत्रियों के उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी समर्पण एवं निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की गई।
मा0 मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल शिक्षा तथा महिला एवं बाल कल्याण की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ एवं सुपोषित भविष्य के लिए परिवार और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए उन्हें 05 लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा तथा मानदेय में वृद्धि की घोषणा की गई है।
मुख्य विकास अधिकारी श्री वीरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।

