फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 सितम्बर 2026 गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के चलते तहसील कायमगंज क्षेत्र के ग्राम समाचीपुर चितार में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रशासन की टीम ने गांव से 9 परिवारों के कुल 32 लोगों को सकुशल बाहर निकालकर शम्साबाद उपमंडी स्थित बाढ़ शरणालय में सुरक्षित पहुंचाया।
बचाव अभियान के दौरान एनडीआरएफ एवं फ्लड पीएसी की टीमें आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर मौजूद रहीं। बचाव दलों ने प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए प्रभावित परिवारों की सुरक्षित निकासी में सहयोग किया।
मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व निरीक्षक, उपजिलाधिकारी कायमगंज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), क्षेत्राधिकारी तथा थानाध्यक्ष शमसाबाद सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का लगातार जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने संबंधित विभागों और बचाव दलों को आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्य जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा।
