मझगवां/बरेली। कैनी शिवनगर गांव में मूसलाधार बारिश कहर बनकर टूटी। गांव निवासी विधवा माया का कच्चा मकान रविवार सुबह करीब 5 बजे भरभराकर ढह गया। हादसे में उनकी 14 साल की नातिन मोनिका मलबे में दबकर घायल हो गई।
माया ने बताया कि वे अपनी छोटी नातिन शिवानी (12) के साथ घर के बाहर सो रही थीं, जबकि बड़ी नातिन मोनिका (14) अंदर कमरे में सो रही थी। सुबह अचानक कच्ची दीवारें गिर गईं। मोनिका मलबे में दब गई, जिससे उसके सिर और आंखों में चोट आई है।
माया के पति स्वर्गीय नन्हेंलाल का कई साल पहले निधन हो गया था। उनका एक बेटा शराब पीने का आदी है और उसकी पत्नी की तीन साल पहले मौत हो चुकी है। माया मजदूरी करके अपनी दो नातिनों मोनिका और शिवानी का पेट पाल रही थीं। घर गिरने से उनका सारा सामान मलबे में दब गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
अब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। पीड़िता ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है।
