शिक्षण व्यवस्था, स्वच्छता एवं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का लिया जायजा, बच्चों से किया संवाद
कासगंज, 07 सितंबर 2026। जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने सोमवार को प्राथमिक विद्यालय भिटौना एवं जूनियर हाईस्कूल का औचक निरीक्षण कर विद्यालयों में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, स्वच्छता व्यवस्था तथा मध्यान्ह भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक एवं दुरुस्त पाई गई तथा सभी शिक्षक उपस्थित मिले।
जिलाधिकारी ने बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन करते हुए शिक्षकों को निर्देश दिए कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए नियमित रूप से विशेष प्रयास किए जाएं तथा प्रत्येक बच्चे की शैक्षणिक प्रगति पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विद्यालय में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था एवं गुणवत्ता का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार तैयार पाया गया। जिलाधिकारी ने बच्चों से सीधे संवाद करते हुए उनसे भोजन की गुणवत्ता एवं प्रतिदिन निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराए जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने जिलाधिकारी को मध्यान्ह भोजन के संबंध में जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने संबंधित शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को निर्देशित किया कि विद्यालय में स्वच्छता, अनुशासन एवं शैक्षणिक वातावरण को निरंतर बेहतर बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए विद्यालय स्तर पर इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों से कहा कि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिकर शिक्षा प्रदान करते हुए नियमित रूप से उनकी उपस्थिति एवं शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करें, ताकि प्रत्येक बच्चा बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सके।
