रिपोर्टर करनदीप राजपूत तहसील प्रभारी
मीरगंज
बरेली/मीरगंज- रामगंगा मंदिर के कटान और बढ़ते जलस्तर की स्थिति को देखते हुए रामगंगा मंदिर कपूरपुर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी महोदय बरेली श्री अविनाश सिंह, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, उपजिलाधिकारी मीरगंज निधि शुक्ला, तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह , बाढ़ खंड अधिकारी पंकज कुमार, सिंचाई विभाग अधिकारी, लेखपाल , पंचायत सचिव विशाल कुमार और ग्राम प्रधान कपूरपुर हरीश लोधी, पूर्व प्रधान संजू वाल्मीक समेत तमाम अधिकारियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से रामगंगा घाट कपूरपुर पर पहुंचकर मंदिर एवं आसपास के इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रामगंगा के किनारे की स्थिति, संभावित कटान वाले क्षेत्रों तथा रामगंगा मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी बातचीत कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली से मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने नदी के किनारे जाकर स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचने से ग्रामीणों में भी भरोसा बढ़ा कि रामगंगा मंदिर एवं आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा को प्रशासन गंभीरता से ले रहा है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी के किनारे जाने से बचें। उन्होंने कहा कि नदी के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और किसी भी स्थिति में अपनी जान जोखिम में न डालें। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
डीएम ने लोगों से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी तरह की आपात स्थिति या समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दें।
लोगों की सुरक्षा बढ़ाने के दिए दिशा-निर्देश
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि रामगंगा नदी के आसपास लोगों की सुरक्षा को और मजबूत किया जाए। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने, ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही डीएम ने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक वस्तुएं और जरूरी सुविधाएं समय से पहुंचाई जाएं, ताकि किसी भी परिस्थिति में ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन को स्थानीय स्तर पर लोगों की जरूरतों पर नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कपूरपुर के ग्राम प्रधान हरीश लोधी, पूर्व प्रधान संजू वाल्मीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अधिकारियों को रामगंगा मंदिर एवं नदी क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और अपनी चिंताओं से अवगत कराया।
ग्राम प्रधान हरीश लोधी और पूर्व प्रधान संजू वाल्मीक ने बताया कि रामगंगा मंदिर क्षेत्र की आस्था और धार्मिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। मंदिर की सुरक्षा के लिए ग्रामीण प्रशासन के साथ पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने प्रशासन से मंदिर को संभावित नुकसान से बचाने के लिए प्रभावी एवं स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।
ग्राम प्रधान हरीश लोधी और पूर्व प्रधान संजय वाल्मीकि एवं ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष मंदिर की सुरक्षा तथा क्षेत्रवासियों की सुरक्षा से संबंधित आवश्यक मुद्दे रखे। अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
प्रशासन की सक्रियता से ग्रामीणों में जगी उम्मीद
जिलाधिकारी समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के स्वयं मौके पर पहुंचने और ट्रैक्टर-ट्रॉली से रामगंगा क्षेत्र का निरीक्षण करने से ग्रामीणों में प्रशासन की सक्रियता को लेकर भरोसा बढ़ा है। प्रशासन द्वारा मंदिर की सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दिए जाने से ग्रामीणों को उम्मीद है कि संभावित खतरे से निपटने के लिए जल्द ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
रामगंगा मंदिर को बचाने की कवायद तेज होने के साथ अब प्रशासन की नजर नदी क्षेत्र की सुरक्षा और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी है।
