फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 मोहम्मदाबाद ब्लॉक के ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी प्रक्रिया और किसानों पर दर्ज मुकदमों को लेकर चल रहा भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन 13वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष अजय कटियार के पहुंचने पर किसानों ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत अमर रहें, नरेश टिकैत जिंदाबाद और राकेश टिकैत जिंदाबाद के नारे लगाए। किसानों ने कहा कि अध्यक्ष संघर्ष करें, किसान उनके साथ हैं।
धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने जहानगंज थाना क्षेत्र के कोरोखेड़ा गांव में 10 वर्षीय बालक की अपहरण के बाद हत्या के मामले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि घटना को करीब नौ महीने बीत चुके हैं और पिछले छह महीने से मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित है, इसके बावजूद पीड़ित परिवार को अब तक अपने बच्चे की मौत का कारण और आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।
अजय कटियार ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्या बताना चाहता था, लेकिन थाना जहानगंज की प्रभारी पूनम अवस्थी द्वारा परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट, अभद्र भाषा का प्रयोग और उनके मोबाइल फोन से साक्ष्य डिलीट किए जाने का आरोप है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के मोबाइल नंबरों पर अलग-अलग नंबरों से धमकियां दी जा रही हैं।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि थाना जहानगंज प्रभारी को 72 घंटे के भीतर निलंबित किया जाए और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अजय कटियार ने चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद संगठन द्वारा ट्रैक्टरों के साथ कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया। इस दौरान जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, राजेश गंगवार, सुग्रीव पाल, बिजनेश यादव, अजीत सोमवंशी, रामनरेश यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
किसानों ने चकबंदी प्रक्रिया, दर्ज मुकदमों और बालक हत्याकांड में कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखने की बात कही।
