फर्रुखाबाद:शिक्षक दिवस पर होमगार्ड जवानों ने दिया सेवा का संदेश, सैनिक सम्मेलन में साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 सितम्बर 2026 शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार, होमगार्ड्स कार्यालय फतेहगढ़ में सैनिक सम्मेलन एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों की कंपनियों से आए होमगार्ड जवानों की समस्याओं और आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही होमगार्ड्स मुख्यालय लखनऊ से प्राप्त आदेशों एवं निर्देशों से जवानों को अवगत कराया गया।

सम्मेलन के दौरान साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं से सावधान रहने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रभारी साइबर सेल, पुलिस लाइन फतेहगढ़ द्वारा होमगार्ड कार्मिकों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं में बरती जाने वाली सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। जवानों को साइबर अपराध से बचने के लिए आवश्यक उपाय और सतर्कता के तरीके बताए गए।

स्वास्थ्य शिविर में हुआ जवानों का परीक्षण

कार्यक्रम के दौरान होमगार्ड जवानों एवं विभागीय अधिकारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया। शिविर में बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी फर्रूखाबाद डॉ. आनंद उपाध्याय अपनी स्वास्थ्य टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

होमगार्ड जवानों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही होमगार्ड जवानों ने समाजहित में स्वैच्छिक रक्तदान भी किया। जिला कमांडेंट होमगार्ड्स फतेहगढ़ श्री डी.एन. सिंह के नेतृत्व में जवानों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संदेश दिया।

इस अवसर पर रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से भी स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। कहा गया कि रक्त की कमी अथवा अनुपलब्धता के कारण किसी माता-पिता, भाई-बहन या बच्चे की जान न जाए, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार इस पुनीत कार्य में सहभागी बनना चाहिए।

सैनिक सम्मेलन, साइबर जागरूकता, स्वास्थ्य परीक्षण और रक्तदान जैसे आयोजनों के माध्यम से होमगार्ड विभाग ने कर्तव्य के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

Leave a Comment