फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 03 सितम्बर 2026 मोहम्मदाबाद ब्लॉक के ग्राम सभा बराकेशव में चकबंदी विभाग की कार्यप्रणाली और किसानों के खिलाफ दर्ज कथित झूठी एफआईआर के विरोध में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन गुरुवार को 11वें दिन भी जारी रहा। धरने में किसानों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे। किसान नेताओं ने मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य ने आरोप लगाया कि चकबंदी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किसानों एवं महिलाओं के साथ अत्याचार किया गया तथा किसानों का आर्थिक शोषण किया गया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को लेकर किसानों में भारी आक्रोश है।
कानपुर मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी ने किसानों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी किसान बड़ी संख्या में नवाबगंज पहुंचें। किसानों की मांग है कि जिस थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उसी मामले में किसानों की ओर से भी एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
5 सितंबर को नवाबगंज थाने के घेराव की घोषणा
धरने के दौरान जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने 5 सितंबर को थाना नवाबगंज के घेराव का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सभी किसान ट्रैक्टरों से नवाबगंज पहुंचें और बड़ी संख्या में एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें। उन्होंने कहा कि किसान अब अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना सीख गया है और आंदोलन को मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा।
अजय कटियार ने मुख्यमंत्री के फर्रुखाबाद दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि जनपद में बाढ़ की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब पड़ोसी जनपदों में दशकों पहले बांध बनाए जा चुके हैं तो फर्रुखाबाद में स्थायी बाढ़ नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए गए।
उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत भी पहले फर्रुखाबाद में बांध निर्माण की मांग उठा चुके हैं। किसान नेता ने जनप्रतिनिधियों से बाढ़ और किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद में बाढ़ के कारण किसानों को लंबे समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बाढ़ प्रभावित किसानों के कर्ज माफ करने और उनके बच्चों के भविष्य के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे रहे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता दीप सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य ने किया।
इस अवसर पर कानपुर मंडल पूर्व सचिव अफरोज मंसूरी, जिला संरक्षक छविनाथ शाक्य, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा, जिला प्रचार मंत्री राजेश गंगवार, जिला सचिव बिजनेश यादव, सुग्रीव पाल, ब्लॉक अध्यक्ष अनेंद्र गंगवार, शिवराम शाक्य, दीपक राठौर, अजीत सोमवंशी, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में किसान, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि चकबंदी और एफआईआर से जुड़ी मांगों पर समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
