बरेली: एक माह से जलभराव में डूबा पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, निकासी की नहीं व्यवस्था।

*कभी बड़े नेताओं की मेजबानी करने वाला ऐतिहासिक गेस्ट हाउस बदहाली का शिकार, सड़े पानी से बीमारी फैलने का खतरा*

बरेली/बहेड़ी। पीडब्ल्यूडी का गेस्ट हाउस इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। परिसर में पिछले करीब एक महीने से बरसात का पानी भरा हुआ है, लेकिन जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। लंबे समय से जमा पानी अब सड़ने लगा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
बारिश का पानी गेस्ट हाउस परिसर में जमा होने के बाद स्थानीय स्तर पर इसकी निकासी के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किया गया। पानी जमा रहने से परिसर की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो मच्छरों के पनपने से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
यह वही पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस है, जहां कभी प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी और मुलायम सिंह यादव सहित कई बड़े नेता ठहर चुके हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का गवाह रहा यह गेस्ट हाउस आज उपेक्षा के कारण जलभराव और बदहाली का शिकार है।
लोगों का कहना है कि एक ओर सरकारी विभाग स्वच्छता और मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए अभियान चलाते हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी विभाग के अपने गेस्ट हाउस परिसर में करीब एक महीने से सड़ा पानी जमा है। सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभागीय अधिकारी इस समस्या को दूर कराने के लिए कब कदम उठाएंगे।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय निवासी फवाद अहमद ने कहा कि करीब एक महीने से गेस्ट हाउस परिसर में पानी भरा हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इसकी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की। सड़े पानी से मच्छर पनप रहे हैं, जिससे आसपास बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने जल्द जलनिकासी और सफाई कराने की मांग की है।
शिव कुमार शर्मा ने कहा कि यह बहेड़ी का ऐतिहासिक गेस्ट हाउस है, जहां कभी प्रदेश के बड़े नेता ठहरते थे। आज इसकी ऐसी बदहाल स्थिति चिंताजनक है। जिम्मेदार अधिकारियों को तुरंत पानी की निकासी कराकर गेस्ट हाउस की व्यवस्था दुरुस्त करानी चाहिए।
रोशन सिंह ने कहा कि बरसात के मौसम में लंबे समय तक पानी जमा रहना गंभीर समस्या है। सड़ा पानी मच्छरों के लिए अनुकूल माहौल बना रहा है और बीमारी फैलने की आशंका है। विभाग को तत्काल कार्रवाई कर जलभराव की समस्या का समाधान करना चाहिए।
स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से जल्द पानी की निकासी कराकर परिसर की साफ-सफाई कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में जमा पानी को लंबे समय तक छोड़ना जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस ऐतिहासिक गेस्ट हाउस की सुध लेते हैं या फिर जलभराव और बदहाली का यह सिलसिला यूं ही जारी रहता है।

Leave a Comment