बरेली/बहेड़ी। करीब 159.50 करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य के बकाया भुगतान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के बैनर तले किसानों ने सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। किसानों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनके गन्ने का पूरा बकाया भुगतान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। भाकियू (भानु) गुट के कार्यकर्ताओं और किसानों ने केसर मिल के डिस्टलरी गेट पर धरना शुरू किया। इस दौरान तराई क्षेत्र के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अमर सिंह और प्रदेश प्रवक्ता जुबैर सिद्दीकी ने कहा कि मिल प्रबंधन ने किसानों का गन्ना खरीदने के बाद चीनी बेच ली, लेकिन किसानों को उनका पूरा भुगतान नहीं किया गया। आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों ने भी समय रहते मिल पर भुगतान के लिए पर्याप्त दबाव नहीं बनाया।
किसान नेताओं का कहना है कि यदि शुरुआत से ही मिल प्रबंधन पर किसानों का बकाया धीरे-धीरे चुकाने के लिए दबाव बनाया जाता तो आज इतनी बड़ी रकम किसानों पर बकाया नहीं होती। गन्ना भुगतान न मिलने से किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तराई क्षेत्र के युवा प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अनुज सिंह ने कहा कि केसर मिल जब तक किसानों के गन्ने का पूरा भुगतान नहीं करती, तब तक संगठन किसानों के साथ मिलकर आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने दी जाएगी।
धरने में तराई क्षेत्र के प्रदेश प्रभारी नितिन सिरोही, शाहिद अंसारी, इरशाद अहमद, सोनू बेनीवाल समेत कई किसान नेता और किसान मौजूद रहे। धरना स्थल पर किसानों ने बकाया भुगतान को लेकर नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द गन्ना मूल्य दिलाने की मांग उठाई।
बरेली : 159.50 करोड़ का गन्ना बकाया, किसानों ने शुरू किया अनिश्चितकालीन धरनाकेसर मिल डिस्टलरी गेट पर भाकियू (भानु) का डेरा, बोले—पूरा भुगतान मिलने तक जारी रहेगा आंदोलन।
